भईया खबरीलाल

खबर सब की है…!!

उज्जैन में पीतांबरा बगलामुखी धाम का भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव एवं शतचंडी महायज्ञ प्रारंभ

उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन में मां पीतांबरा बगलामुखी की आराधना का भव्य महोत्सव प्रारंभ हो गया है। श्री पीतांबरा बगलामुखी प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव एवं शतचंडी बगलामुखी महायज्ञ का आयोजन 19 मार्च से प्रारंभ होकर 27 मार्च 2026 तक किया जा रहा है।गुरुवार को आयोजित धार्मिक अनुष्ठानों के अंतर्गत मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा, न्यास विधि, हवन, शिखर स्थापना, कलश स्थापना एवं ध्वज स्थापना जैसे पवित्र कार्य विधि-विधान से सम्पन्न हुए। यह भव्य आयोजन बड़नगर रोड स्थित मां पीतांबरा बगलामुखी धाम आश्रम (दंडी सेवा आश्रम के सामने) में हो रहा है, जिसमें मध्यप्रदेश सहित गुजरात एवं महाराष्ट्र से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। आयोजन की जानकारी देते हुए संत विजयानंदपुरी महाराज ने बताया कि यह शुभ कार्य परम पूज्य राजगुरु आचार्य महामंडलेश्वर 1008 स्वामी श्री विशोकानंद भारती जी महाराज एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष स्वामी रवींद्र पुरी महाराज के आशीर्वाद से सम्पन्न हो रहा है। उन्होंने बताया कि यह प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव सिंहस्थ 2028 की निर्विघ्न सफलता एवं प्रदेश की रक्षा के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है, जो आगामी तीन वर्षों तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से जारी रहेगा। इस दौरान सवा करोड़ बगलामुखी मंत्र जाप एवं शतचंडी पाठ भी संपन्न किया जाएगा। महायज्ञ का मुख्य उद्देश्य प्रदेश को आपदाओं से सुरक्षित रखना एवं धर्म-संस्कृति की उन्नति करना है। महोत्सव का समापन 27 मार्च को दोपहर 12:15 बजे पूर्णाहुति के साथ होगा, जिसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।