भईया खबरीलाल

खबर सब की है…!!

*उज्जैन में चेटीचंड महापर्व के उपलक्ष्य मे भगवान झूलेलाल की भव्य महा आरती का आयोजन हुआ संपन्न*

उज्जैन। सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान झूलेलाल के जन्मोत्सव चेटीचंड महापर्व के अवसर पर सिंधी कॉलोनी स्थित झूलेलाल गार्डन में भव्य एवं धार्मिक आयोजन किया गया। समाजसेवी महेश सीतलानी के सान्निध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन एवं श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान झूलेलाल की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।

रात्रि 9 बजे आयोजित भव्य आरती में श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए तथा पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम स्थल को आकर्षक साज-सज्जा से सजाया गया वहीं आतिशबाजी ने आयोजन की भव्यता में चार चांद लगा दिए। इसके पश्चात महाप्रसाद का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया।

समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने इस आयोजन को धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा का जीवंत उदाहरण बताया। आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का हृदय से स्वागत एवं आभार व्यक्त किया गया।

भईया खबरीलाल से बात करते हुए समाजसेवी महेश सितलानी ने बताया की भगवान झूलेलाल का आशीर्वाद देश – प्रदेश पर बना रहें, मे अपने सभी साथियों के साथ भगवान झूलेलाल से मंगल कामना करता हूँ की सिंधी समाज के साथ साथ देश -प्रदेश के नागरिक खुशहाल रहें, समृद्धशाली रहें, निरोगी रहें और आपसी भाईचारे की भावना से एक दूसरे की सहायता करते हुए राष्ट्र निर्माण मे योगदान दे।